अनूपपुर में 7 पशुओं से भरी पिकअप जब्त, चालक फरार: जैतहरी पुलिस ने वाहन बरामद कर मामला दर्ज किया, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई – Anuppur News
जैतहरी पुलिस ने गुरुवार रात एक पिकअप वाहन जब्त किया, जिसमें 7 पशुओं को क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
यह कार्रवाई गुरुवार रात को मुखबिर की सूचना पर की गई। मुखबिर ने बताया था कि एक पिकअप (रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी 18 जेड एफ 8176) में पशुओं को क्रूरतापूर्वक बांधकर अनूपपुर से जैतहरी रोड होते हुए पेड्रा रोड की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही जैतहरी थाना पुलिस ने राठौर चौक पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागा
कुछ देर बाद, पिकअप वाहन अनूपपुर की तरफ से आता दिखा। पुलिस को देखते ही चालक वाहन को लहरपुर की तरफ भगाने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक ने शासकीय कॉलेज के पीछे वाहन खड़ा कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया।
पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें 7 पशु रस्सी से क्रूरतापूर्वक बंधे हुए मिले। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और पशुओं को सुरक्षित कांजी हाउस भिजवा दिया। जब्त पिकअप वाहन को थाना परिसर में खड़ा किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सौजन्य से: www.bhaskar.com