July 16, 2026

अनूपपुर में किसान की हत्या का आरोपी गिरफ्तार: रास्ते पर लकड़ी रखने के विवाद में की थी वारदात, कोर्ट ने जेल भेजा – Anuppur News

अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र में पुलिस ने किसान की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। ग्राम अमगवां में लकड़ी के रास्ते को लेकर हुए विवाद में 56 वर्षीय किसान की हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

.

पुलिस के अनुसार, ग्राम अमगवां निवासी रामधारी सिंह गोंड 31 दिसंबर 2025 की सुबह अपने खेत पर सूखा पेड़ काटने गए थे। उनकी पत्नी बतीबाई सुबह 10 बजे जब खेत पहुंचीं, तो उन्होंने अपने पति की लाश लकड़ी के ढेर पर पड़ी देखी।

रामधारी सिंह के सिर, गर्दन और पीठ पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे।

रास्ते के विवाद में कुल्हाड़ी से किया हमला

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने संदेही पुरुषोत्तम सिंह गोंड (34) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि खेत के रास्ते में लकड़ी रखे होने की वजह से उसे निकलने में दिक्कत हो रही थी। इसी बात को लेकर उसका रामधारी सिंह से झगड़ा हुआ और उसने गुस्से में कुल्हाड़ी से वार कर उनकी जान ले ली।

आरोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी बरामद

अमरकंटक थाना प्रभारी एलबी तिवारी ने बताया कि आरोपी पुरुषोत्तम सिंह गोंड के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।



सौजन्य से: www.bhaskar.com

Related post