July 16, 2026

‘दिख मत जाना…’ अमिताभ बच्चन पर किए जोक से भड़के एजाज खान, Samay Raina को लगाई लताड़


एंटरटेनमेंट डेस्क। इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद के करीब 14 महीने बाद समय रैना ने एक बार फिर से वापसी की। कॉमेडियन ने ‘समय रैना स्टिल अलाइव’ (Samay Raina Still Alive) के जरिए जोरदार वापसी की। यह वीडियो आते ही यूट्यूब पर वायरल हो गया और इसने पहले 24 घंटे में ही रिकॉर्ड व्यूज हासिल किए।

इस दौरान रोस्ट करते हुए समय रैना ने अमिताभ बच्चन का भी नाम लेकर कई बातें बोली थीं, जिसे लेकर एजाज खान ने उन्हें फटकार लगाई है।

समय रैना का विवादित जोक

अपने ‘स्टिल अलाइव’ शो के दौरान, समय ने खुलासा किया कि उन्होंने केबीसी में अभिषेक से जुड़ा एक सवाल अमिताभ से पूछने की योजना बनाई थी, लेकिन ऐसा वो कर नहीं पाए। कॉमेडियन ने स्वीकार किया कि उनके मन में अक्सर कई ‘उल्टे-सीधे’ विचार आते हैं, लेकिन वे उन्हें ज़ुबान पर नहीं लाते।

उन्होंने अपना जोक शेयर करते हुए बताया कि वो अमिताभ से पूछने वाले थे कि, ‘सर, आपने इतना पोलियो का एड किया, फिर भी अपने बेटे को पांव पे क्यों नहीं खड़ा कर पाये?’

एजाज खान की तीखी प्रतिक्रिया

अब इस पर एजाज खान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एजाज ने मीडिया से बातचीत में कहा- ‘अब इस बदतमीज आदमी को मैं क्या बोलूं। ये अपने मां-बाप से भी ऐसे ही बात करता होगा, शायद।’

उन्होंने आगे कहा, ‘हिंदुस्तान के इतने बड़े महानायक, अमिताभ बच्चन साहब, जिन्होंने हिंदुस्तान को सदियों से एंटरटेन किया, आज उनको, उनकी पत्नी (जया बच्चन) को और उनके बच्चे (अभिषेक बच्चन) को कोई भी आकर कुछ भी बोल जा रहा है।’

समय रैना को दी चेतावनी

एजाज ने चेतावनी देते हुए कहा, “समय रैना, तेरा समय खराब शुरू हो गया है आज से। मुझे दिखना भी मत तू। मैं तो बच्चन साहब का बहुत बड़ा फैन हूं।” एजाज ने बताया कि बिग बी इस मजाक से नाराज हैं और उन्होंने गुस्से भरे लहजे में कहा कि बेटा, तू थोड़ा इज्जत से चल। मुझे दिख मत जाना तू। इसके अलावा समय ने बताया कि उन्होंने शो पर कई सारी बातें झूठ बोली थीं।

(सौजन्य से): www.naidunia.com

Related post