July 16, 2026

दुनिया में सिर्फ 10 लोगों के पास है आर माधवन की 40 लाख वाली ये स्पेशल घड़ी, पद्मश्री समारोह में लूटी महफिल


एंटरटेनमेंट डेस्क, नईदुनिया। अभिनेता आर माधवन को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 23 जून को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में माधवन को यह सम्मान प्रदान किया। सिनेमा के क्षेत्र में उनके योगदान और उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया।

समारोह के दौरान आर माधवन के काम और उनकी उपलब्धियों की खूब चर्चा हुई, लेकिन इसके साथ ही उनकी खास घड़ी भी लोगों का ध्यान आकर्षित करने में कामयाब रही। इस घड़ी की कीमत और इसकी अनोखी डिजाइन ने सोशल मीडिया और मीडिया में काफी सुर्खियां बटोरीं।

40 लाख रुपये की घड़ी बनी चर्चा का विषय

आर माधवन ने पद्मश्री सम्मान लेने के खास अवसर पर एक लिमिटेड एडिशन घड़ी पहनी थी, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। यह घड़ी टाइटन नेबुला जलसा (Titan nebula jalsa) रेंज की लिमिडेट एडिशन है और इसकी खासियत इसे बेहद खास बनाती है।

naidunia_image

इस लग्जरी घड़ी में 18 कैरेट रोज गोल्ड केस दिया गया है। इसके अलावा घड़ी के मार्बल डायल पर एक मिनिएचर पेंटिंग बनाई गई है, जो जयपुर के हवा महल से प्रेरित है। इसकी डिजाइन और कारीगरी इसे सामान्य घड़ियों से अलग बनाती है।

दुनिया में सिर्फ 10 पीस उपलब्ध

आर माधवन की यह घड़ी एक लिमिटेड एडिशन मॉडल है। रिपोर्ट के अनुसार, दुनियाभर में इस घड़ी के केवल 10 पीस ही उपलब्ध हैं। इनमें से एक घड़ी माधवन के पास है। यही वजह है कि पद्मश्री समारोह में पहनी गई उनकी घड़ी भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गई।

सम्मान मिलने के बाद भावुक हुए माधवन

पद्मश्री सम्मान मिलने के बाद आर माधवन ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि पद्म श्री से सम्मानित होकर वह बेहद विनम्र और आभारी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने भारत सरकार का धन्यवाद किया और कहा कि यह उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।

माधवन ने महाराष्ट्र सरकार का भी आभार जताया, जिन्होंने उनका नाम इस सम्मान के लिए सुझाया और उनके सफर पर भरोसा जताया। उन्होंने अपने प्रशंसकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जिन्होंने उनकी फिल्मों को देखा, किरदारों को अपनाया और वर्षों तक उनका साथ दिया, यह सम्मान उतना ही उनका भी है।

सिनेमा और परिवार को समर्पित किया सम्मान

आर माधवन ने कहा कि यह सम्मान उन्हें जिम्मेदारी का एहसास भी कराता है। उन्होंने ईमानदारी, विनम्रता और मूल्यों को बनाए रखने की बात कही। उन्होंने अपने सम्मान को सिनेमा की दुनिया, साथ काम करने वाले कलाकारों और टेक्नीशियनों के साथ-साथ अपने परिवार को समर्पित किया, जो उनकी ताकत रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सिनेमा ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और वह आगे भी अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए देश की सेवा करने का प्रयास करेंगे। अंत में उन्होंने सभी का दिल से धन्यवाद करते हुए जय हिंद कहा।

(सौजन्य से): www.naidunia.com

Related post