July 16, 2026
TRENDING

गंगासागर मेले में 20 साल पहले लापता MP की महिला बांग्लादेश में मिली


करीब 20 साल पहले बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में गंगासागर मेले में लापता हुई मध्य प्रदेश के सागर जिले की महिला रतिया अहिरवार (75) का बांग्लादेश के चांपाई नवाबगंज जिले में होने का पता चला है। वह अपने पति और गांव वालों के साथ मेले में मकर संक्रांति स्नान के लिए आई थी। मेले में अधिक भीड़ के कारण वह खो गई।

Publish Date: Thu, 27 Nov 2025 11:41:59 PM (IST)

Updated Date: Thu, 27 Nov 2025 11:41:59 PM (IST)

20 साल पहले लापता MP की महिला बांग्लादेश में मिली

HighLights

  1. मकर संक्रांति स्नान के लिए पति और गांव वालों के साथ आई थी।
  2. दोनों देशों के दूतावासों के जरिए वृद्धा को भारत लाने की प्रक्रिया तेज।

नईदुनिया प्रतिनिधि। करीब 20 साल पहले बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में गंगासागर मेले में लापता हुई मध्य प्रदेश के सागर जिले की महिला रतिया अहिरवार (75) का बांग्लादेश के चांपाई नवाबगंज जिले में होने का पता चला है। वह अपने पति और गांव वालों के साथ मेले में मकर संक्रांति स्नान के लिए आई थी। मेले में अधिक भीड़ के कारण वह खो गई। परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। वह मानसिक रूप से भी बीमार थी, जिस कारण बांग्लादेश पहुंच गई।

सागर… सागर बोलती थी महिला

माना जा रहा है कि किसी अन्य तीर्थयात्री के साथ वह सीमा पार चली गई थी। हाल में बांग्लादेश के हैम रेडियो के सदस्य अब्दुल गनी फितु को सूचना मिली कि बांग्लादेश के चांपाई नवाबगंज जिले के गोलाबाड़ी में एक बूढी औरत है जो सिर्फ सागर…सागर बोलती है। उन्होंने यह जानकारी वेस्ट बंगाल हैम रेडियो क्लब के सचिव अंबरिश नाग विश्वास और सदस्य दिबस मंडल को दी। नाग ने बताया कि 18 दिन की लगातार कोशिश के बाद पता चला कि वह सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र के खजरा भेदा गांव की रहने वाली है।

खुशी से झूम उठे गांव वाले

दिल्ली में काम कर रहे उसके बेटों राजेश व गणेश को जब इसकी सूचना दी गई तो वे हैरान रह गए, क्योंकि वह अपनी मां को मृत मान बैठे थे। वृद्धा के बेटों ने जब इसकी जानकारी गांव वालों को दी तो वे खुशी से झूम उठे। रतिया के पति बालीचंद अहिरवार और पुत्र पुराण अहिरवार का निधन हो चुका है। शुरुआत में जब रतिया की उसके बेटे राजेश से वीडियो कॉल पर बात कराई गई तो वह मां को पहचान नहीं पा रहा था।

तेजी से चल रही है भारत लाने की प्रक्रिया

बाद में वृद्धा को ब्यूटी पार्लर ले जाकर नहलाया-धुलाया गया, साफ कपड़े पहनाए गए। इसके बाद जब उनकी फोटो बेटे राजेश को दिखाई गई तो वह चीख पड़ा और कहा- ये तो मेरी मां है। पूरी घटना की जानकारी दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन को दी गई। प्रशासन ने बांग्लादेश हाई कमीशन, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को पत्र लिखे गए हैं। दोनों देशों के दूतावासों के माध्यम से रतिया को भारत लाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।



सौजन्य से: www.naidunia.com

Related post