गुना में युवक पर जानलेवा हमला करने वाला पकड़ाया: प्लॉट के विवाद में युवक को घेरकर की थी मारपीट; फायर करते समय बज गया था हूटर – Guna News
गुना की विंध्याचल कॉलोनी में युवक पर हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्लॉट के विवाद में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक पर हमला किया था। इसका CCTV भी सामने आया था। बता दें कि गुरुवार को सरेराह गुंडागर्दी का एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया था, जिसमें बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे के पाइपों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। विंध्याचल कॉलोनी निवासी नरेश चौकसे मंदिर से दर्शन कर अपनी स्कूटर से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह वंदना कॉन्वेंट स्कूल की घाटी के पास पहुंचे, वहां पहले से ही हथियारों से लैस होकर घात लगाए बैठे संतोष किरार, उसके बेटे सूरज सहित करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उनकी स्कूटर पर लाठी मारकर उन्हें गिरा दिया था। मारपीट का वीडियो भी सामने आया था। नरेश ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उन्हें घेरकर लोहे के पाइप और डंडों से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इसी बीच संतोष किरार ने कमर से कट्टा निकालकर उन पर तान दिया। गनीमत रही कि उसी समय मुख्य मार्ग पर किसी वाहन का हूटर बज गया, जिससे पुलिस के आने के डर से आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। इस दौरान सडक़ पर करीब 100 लोग मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई थी। SP हितिका वासल ने मामले में जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने मुख्य आरोपी संतोष पुत्र राधेश्याम किरार उम्र 54 साल निवासी ग्राम गुढ़ा थाना फतेहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से प्रकरण में शामिल अन्य फरार और अज्ञात आरोपियों के संबंध में पूछताछ के लिए उसे न्यायालय से विधिवत पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है।
सौजन्य से: www.bhaskar.com