हिसार का लाइनमैन KBC में लखपति बना: बाइक-2 गोल्ड कॉइन भी जीते; बोला- अमिताभ को देख हाथ-पांव कांपे, ₹25 लाख के सवाल ने कन्फ्यूज किया – Uklanamandi News
हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव पाबड़ा के रहने वाले सोनू सिंह अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे हुए।
हरियाणा में हिसार जिले के के रहने वाले एक असिस्टेंट लाइनमैन ने टीवी के मशहूर क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में 5 लाख रुपए जीते हैं। इसके अलावा उसे एक बाइक और सोने के 2 सिक्के भी पुरस्कार स्वरूप दिए गए।
.
असिस्टेंट लाइनमैन का नाम सोनू सिंह है। वह उकलाना क्षेत्र के गांव पाबड़ा के रहने वाले हैं। जब वह KBC से लखपति बनकर लौटे तो गांव में उनका जोरदार स्वागत किया गया। एक सामान्य परिवार से संबंध रखने वाले सोनू सिंह की कामयाबी पर पूरे गांव ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
उन्होंने बताया कि हॉट सीट पर बैठने से पहले ही उन्हें अमिताभ बच्चन दिखने लगे थे। सामने बैठे तो हाथ-पांव कांपने लगे और सपने जैसा महसूस हुआ। सोनू सिंह का कहना है कि वह 25 लाख रुपए भी जीत सकते थे, लेकिन अंग्रेजी के सवाल ने उन्हें कन्फ्यूज कर दिया। इसके बाद वह केवल 5 लाख रुपए ही जीत पाए।
शो के 3 PHOTOS…
सोनू सिंह असिस्टेंट लाइनमैन हैं। ये फोटो टीवी पर प्रसारित हुए एपिसोड में दिखाए गए।

अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर बैठे हिसार के सोनू सिंह।

सोनू KBC में अपनी पत्नी विनोद के साथ पहुंचे थे। शो के मंच पर इन दोनों ने अमिताभ बच्चन के साथ फोटो खिंचवाया।
सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए असिस्टेंट लाइनमैन की KBC में पहुंचने की कहानी…
- सोनू 12वीं पास, असिस्टेंट लाइनमैन के पद पर कार्यरत: शो के दौरान सोनू सिंह ने बताया कि वह एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की और लगभग 5 वर्ष पूर्व बिजली विभाग में असिस्टेंट लाइनमैन के पद पर चयनित हुए। वर्तमान में वह किरमारा और कुलेरी गांव में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
- बचपन से सामान्य ज्ञान में रुचि: सोनू का कहना है कि बचपन से ही उन्हें सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स में गहरी रुचि थी। जो कुछ भी वह पढ़ते, उन्हें लंबे समय तक याद रहता। यही रुचि उन्हें कौन बनेगा करोड़पति तक ले गई।
- 2 साल पहले ऑडिशन दिया था: सोनू ने बताया- मैंने दो साल पहले पहली बार KBC में ऑडिशन के लिए आवेदन किया था, लेकिन उस समय चयन नहीं हुआ। मैंने हार नहीं मानी और दोबारा अपने मोबाइल नंबर से आवेदन किया, लेकिन फिर असफलता हाथ लगी।

- 30 और 31 सितंबर को दिल्ली में ऑडिशन हुए, मौका नहीं मिला: सोनू ने बताया कि 30 और 31 सितंबर को दिल्ली में हुए ऑडिशन में लगभग 50 से 60 हजार प्रतिभागी आए हुए थे, जिनमें से सिर्फ 1500 लोगों का चयन होना था। हालांकि, उस वक्त भी उनका नंबर नहीं लग पाया।
- ऑनलाइन 2 सवालों को जवाब देकर मुंबई आए: सोनू बताते हैं कि इसके बाद ऑनलाइन ऑडिशन के माध्यम से उन्होंने फिर प्रयास किया। तभी KBC टीम की ओर से फोन आया और दो सवाल पूछे गए, जिनके सही उत्तर देकर उन्होंने चयन की अगली सीढ़ी पार कर ली। इसके बाद उन्हें 11 अक्टूबर को मुंबई बुलाया गया।
- गरीबी के चलते दोस्त ने टिकट कटवाई: सोनू ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह टिकट तक नहीं खरीद पाए थे, लेकिन एक खास दोस्त ने रेल टिकट बनवाकर मदद की। मुंबई पहुंचने के बाद केवल 20 सेकेंड में सवाल पढ़ना और उसका जवाब लॉक करना होता था, जिसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग KBC टीम ने की और आखिरकार उन्हें शो में भाग लेने का मौका मिल गया।

- 25 लाख के सवाल पर चूक गए: 27 और 28 अक्टूबर को सोनू सिंह ने कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर 7 सवालों के सही जवाब देकर पहले दिन एक लाख रुपए जीते। दूसरे दिन 25 लाख तक पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन एक गलत उत्तर के चलते 5 लाख रुपए, एक बाइक और दो सोने के सिक्कों पर उनकी जीत पक्की हुई।
- 13वें प्रश्न का जवाब नहीं दे पाए सोनू: सोनू ने बताया- मैं 13वें प्रश्न का जवाब नहीं दे पाया। इस प्रश्न का उत्तर मालूम था, लेकिन मैं ऑडियंस पोल लाइफ लाइन की तरफ चला गया और कन्फ्यूज हो गया। प्रश्न अंग्रेजी में था और मुझे इतनी इंग्लिश आती नहीं थी। इस कारण मैं गलत जवाब देकर 5 लाख पर आ गया। अगर मैं इस सवाल का सही जवाब देता तो 25 लाख रुपए जीत जाता। वह प्रश्न वैज्ञानिकों से संबंधित था।

अपने परिवार के साथ सोनू सिंह (नीली टीशर्ट में)। – फाइल फोटो
3 और 4 नवंबर को प्रसारित हुआ था एपिसोड सोनू सिंह का एपिसोड 3 और 4 नवंबर को टीवी पर प्रसारित हुआ था। इसे पूरे गांव में देखा गया। रुपए जीतकर जब सोनू गांव लौटे तो ग्रामीणों और परिजन ने उनका भव्य स्वागत किया। गांव में ढोल के साथ जश्न मनाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि सोनू सिंह ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है और यह साबित किया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से कोई भी मंजिल पाई जा सकती है।
सोनू सिंह के पिता रण सिंह किसान हैं। उनकी मां का देहांत हो चुका है। सोनू की पत्नी विनोद घर संभालती है। उनके 2 बच्चे सिया और रिहान हैं। सोनू के एक बड़े भाई विनोद कुमार हैं, जो अपनी पत्नी हर्षी और बच्चों यस व प्रिंस के साथ रहते हैं। इनकी जॉइंट फैमिली है।
(सौजन्य से): www.bhaskar.com