July 16, 2026

इंदौर में ब्रिक्स कृषि बैठक शुरू… खाद्य सुरक्षा व मौसम बदलाव पर मंथन, विदेशी मेहमानों ने देखा राजवाड़ा


नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स देशों के समूह की पांचवी कृषि कार्य समूह (एडब्ल्यूजी) की बैठक मंगलवार को इंदौर में शुरू हुई। इसमें ब्रिक्स के दस देशों के 21 प्रतिनिधि और भारत के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में शामिल हुए सदस्य देशों के प्रतिनिधि मंडलों का होटल शेरटन में स्वागत हुआ।

पहले दिन बैठक में शामिल हुए ब्रिक्स देश के अधिकारियों से कृषि और किसान कल्याण विभाग के सचिव ने चर्चा की। उन्होंने किसान-केंद्रित और टिकाऊ कृषि विकास को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग को मजबूत करने, इनोवेशन को बढ़ावा देने और जलवायु के प्रति लचीलापन (क्लाइमेट रेजिलिएंस) बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।

एडब्ल्यूजी की बैठक में सदस्य देशों के बीच खाद्य सुरक्षा, पोषण और आजीविका, कृषि व्यापार और सहयोग, तथा पुनर्योजी (रीजेनरेटिव) और जलवायु-अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। इन चर्चाओं में कृषि प्रणालियों को मजबूत करने और ब्रिक्स देशों में समावेशी व टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता दिखाई दी। सुबह 9 बजे से रजिस्ट्रेशन के बाद प्रारंभिक सत्र आयोजित हुआ। सुबह से शाम तक तीन सत्रों में कृषि और खाद्यान्न पर समावेशी चर्चा की गई।

विदेशी मेहमानों ने देखा राजवाड़ा और गोपाल मंदिर का ऐतिहासिक वैभव

मंगलवार को ब्रिक्स समूह देशों के अधिकारी सुबह सात बजे राजवाड़ा पहुंचे और इंदौर के होलकरकालीन ऐतिहासिक वैभव को देखेंगे। यहां पर इतिहासकार उन्हें इंदौर के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देंगे। इसके अलावा वे गोपाल मंदिर भी जाएंगे। दोपहर 12 बजे सभी विदेशी मेहमान ढक्कनवाला कुंआ क्षेत्र स्थित ग्रामीण हाट बाजार में जाएंगे और वो यहां पर मालवा-निमाड़ सहित मप्र के पैदा होने वाले कृषि उत्पादों को देखेंगे।

ग्रामीण हाट बाजार में प्रदेश के प्रसिद्ध उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल मंच

इंदौर के ग्रामीण हाट बाजार में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के लिए कृषि उत्पादों का मेला भी लगाया गया है। यहां पर प्रदेश के प्रमुख उत्पादों झाबुआ की सफेद मक्का, बुरहानपुर के केले के उत्पाद, नरसिंहपुर का गुड़, मंडला का मिलेट, छिंदवाड़ा की चिरोंजी के अलावा औषधि और प्राकृतिक उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इंदौर के आसपास प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के उत्पाद भी यहां प्रदर्शित होंगे। इससे किसानों के उत्पादों को ग्लोबल स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

खाद्य सुरक्षा व कृषि तकनीक पर हुई व्यापक चर्चा

कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इंदौर में आयोजित ब्रिक्स समूह की बैठक में खाद्य सुरक्षा, कृषि में जलवायु के बदलाव का असर व कृषि सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इस बैठक में यह भी चर्चा हुई कि किसानों की समस्याओं को मिलकर कैसे हल किया जाए।

यह भी पढ़ें- जबलपुर में वसूली करने आए इंदौर के व्यापारी से लूट का खुलासा, 5 गिरफ्तार; ₹1 लाख नगद, दो वाहन और चाकू बरामद

अधिकारियों के मुताबिक ब्रिक्स देशों में दुनिया की लगभग आधी आबादी रहती है, इस वजह से खाद्य सुरक्षा एक अहम चिंता का विषय है। कृषि से खाद्य सुरक्षा व पोषण सुरक्षा पक्की होती है। इस वजह से कृषि का विकास जरूरी है। बैठक में ब्रिक्स देशों के बीच कृषि तकनीक के लेने देन व ट्रेड बढ़ाने के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों के मुताबिक एग्रीकल्चर वर्किंग ग्रुप के चार सेशन के तहत लगभग आठ मीटिंग हो चुकी हैं, इंदौर में पांचवां सेशन शुरू हुआ है।

सौजन्य से: www.naidunia.com

Related post