इंदौर में साइबर ठगी की दो बड़ी वारदातें, इंजीनियर के क्रेडिट कार्ड से ₹1.12 लाख साफ तो इंस्टाग्राम पर छात्रा से ₹40 हजार की ठगी
शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
HighLights
- इंजीनियर के क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति ₹1.12 लाख के तीन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन
- ड्रेस ऑर्डर करने वाली छात्रा से वेरिफिकेशन के बहाने ₹40 हजार की साइबर ठगी
- दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ट्रांजेक्शन और बैंक खातों की जांच शुरू की
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक सिविल इंजीनियर के क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति 1.12 लाख रुपये के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का मामला सामने आया है। वहीं, भंवरकुआ थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर ड्रेस ऑर्डर करने वाली छात्रा से वेरिफिकेशन के नाम पर 40 हजार रुपये की ठगी कर ली गई।
राजेंद्र नगर थाना पुलिस के अनुसार धनवंतरी नगर निवासी सिविल इंजीनियर आनंद बनवडीकर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति तीन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए गए। आठ जुलाई को मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का संदेश मिलने पर उन्हें धोखाधड़ी की जानकारी हुई। पहले दो ट्रांजेक्शन 51-51 हजार रुपये के किए गए, जबकि दूसरे क्रेडिट कार्ड से 10 हजार रुपये का भुगतान किया गया। इसके बाद उन्होंने तत्काल बैंक को सूचना देकर दोनों कार्ड ब्लॉक करवा दिए।
शिकायत में बताया गया है कि ट्रांजेक्शन अमेजन सेलर सर्विस और कैशफ्री इनोवेटिव रिटेल आईडी के माध्यम से किए गए। पुलिस बैंक खाते और ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।
इंस्टाग्राम पर ड्रेस ऑर्डर करना पड़ा महंगा
भंवरकुआ थाना क्षेत्र में छात्रा मोना नागर ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई। उसने पुलिस को बताया कि आठ जुलाई को इंस्टाग्राम पर ‘सुमन वूमन’ नाम की आईडी से 999 रुपये की ड्रेस ऑर्डर की थी।
मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है
इसके बाद एक युवक ने फोन कर स्टेप-बाय-स्टेप वेरिफिकेशन के नाम पर पहले 500 रुपये ऑनलाइन जमा कराने को कहा। प्रक्रिया के दौरान उसके बैंक खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- एम्स भोपाल की बड़ी उपलब्धि, 1.4 किलो के नवजात के दिल का बिना चीरे सफल इलाज, मध्य भारत में ऐसा पहला मामला
सौजन्य से: www.naidunia.com