Indore Weather: 10 साल में पहली बार नवंबर के पहले सप्ताह में हवाओं ने करवाया ठिठुरन का अहसास
अगले एक सप्तह तक शहरवासियों को सर्दी महसूस होगी और सुबह के समय धुंध की स्थिति दिखाई देगी। दिन में धूप निकलने के कारण ठंडक से हल्की राहत रहेगी। प्रदेश में अभी पश्चिमी मप्र में पारा गिरा हुआ है वही पूर्वी मप्र में तापमान सामान्य से अधिक है लेकिन आगामी दिनों में पूर्वी मप्र के शहरों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
Publish Date: Fri, 07 Nov 2025 06:36:04 PM (IST)
Updated Date: Fri, 07 Nov 2025 06:49:33 PM (IST)
HighLights
- गुरुवार की रात रही इस सीजन की ठंडी रात।
- शुक्रवार को 10.3 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान।
- हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए हैं।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। हिमालय से आ रही सर्द हवाओं ने पिछले तीन दिनों में आठ डिग्री सेल्सियस तक रात पारा गिराया। यही वजह है कि पिछले दो दिनो से उत्तरी हवाओं के असर से शहरवासियों को अल सुबह व रात में ठंडक का अहसास होने लगा है। गुरूवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही है। शुक्रवार को शहर में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले 10 साल में सबसे कम रहा। सामान्यत: नवंबर के आखिरी सप्ताह में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलती है।
यह पहला मौका है जब नवंबर के पहले सप्ताह में उत्तरी हवाओं ने पारा गिराया है। भोपाल मौसम केंद्र के पास उपलब्ध उपलब्ध आंकड़ों में इंदौर में 25 नवंबर 1938 को सबसे कम 5.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम दर्ज किया गया था। इसके अलावा 30 नवंबर 1988 को इंदौर में 7.3 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था, जो विगत वर्षो में नवंबर माह में दूसरा सबसे कम तापमान दर्ज हुआ है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इंदौर में अगले एक सप्ताह इसी तरह तापमान में गिरावट बरकरार रहेगी। हिमालय क्षेत्र में इस नवंबर के पहले सप्ताह से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए हैं। हाल ही में हिमालय क्षेत्र में जो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय था वो काफी मजबूत था।
उसके गुजरने के बाद वहां हुई बर्फबारी के असर से उत्तरी व उत्तर पश्चिमी सर्द हवाएं इंदौर सहित पश्चिमी मप्र की ओर आ रही है। इस वजह से इंदौर में दिन के साथ रात के तापमान मे भी गिरावट देखने को मिल रही है। शुक्रवार को इंदौर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 28.1 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया।
पिछले एक सप्ताह में इस तरह गिरा इंदौर में पारा
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
- 1 नवंबर 28.1 19.8
- 2 नवंबर 30.1 21.6
- 3 नवंबर 30.0 22.4
- 4 नवंबर 29.8 20.8
- 5 नवंबर 30.2 18.2
- 6 नवंबर 28.3 12.1
- 7 नवंबर 28.1 10.3
नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में
पिछले 10 वर्षों में नवंबबर माह का तापमान
वर्ष उच्चतम अधिकतम तापमान दिनांक निम्नतम न्यूनतम तापमान दिनांक
2015 34 16 13.8 21
2016 31.2 11,13,30 12 26
2017 31.8 8 11 27
2018 33.2 5 12.7 26
2019 31.8 7 14.2 18
2020 32.2 17 11.7 29
2021 31 24 13.5 15
2022 33.2 6 11.2 26
2023 32.4 10 14.6 27
2024 34.3 1 11.6 23
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में
नवंबर में तापमान व वर्षा
उच्चतम अधिकतम तापमान : 5 नवंबर को 1925 को 35 डिग्री सेल्सियस
निम्मनम न्यूनतम तापमान : 25 नवंबर 1938 को 5.6 डिग्री सेल्सियस
सर्वाधिक कुल मासिक वर्षा : 1946 में 217.4 मिमी
सौजन्य से: www.naidunia.com