जेनेरेशन-जी के साथ कांग्रेसियों ने इंदौर से भोपाल किया कूच, रोजगार-पेपरलीक को लेकर साइक्लोथॉन
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जेन-जी को साधने में जुटी कांग्रेस अब बेरोजगारी-पेपरलीक और भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाने में जुटी है। ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत इंदौर जिला कांग्रेस जेन-जी साइक्लोथॉन आयोजित की। मंगलवार 14 जुलाई को कांग्रेस नेता नई पीढ़ी के युवाओं के साथ साइकिल यात्रा पर निकले। साइकिल यात्रा इंदौर से शुरू होकर भोपाल पहुंचेगी। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े समेत तमाम कांग्रेस नेता साइकिल पर सवार होकर भोपाल पहुंचेंगे।
मंगलवार सुबह जेन-जी साइक्लोथॉन देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आरएनटी रोड स्थित नालंदा परिसर से शुरू होगा। कांग्रेस दावा कर रही है कि करीब दो हजार साइकिल सवार युवा इसमें शामिल होंगे। (आर.एन.टी. मार्ग) देवी अहिल्या बाई विश्वविद्यालय से गांधी प्रतिमा हाईकोर्ट चौराहा, लैंटर्न चौराहा, मालवा मिल चौराहा, भमोरी, सयाजी चौराहा, विजय नगर चौराहा, देवास नाका चौराहा, मांगलिया, डकाच्या होते क्षिप्रा पहुंचेगी।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी शामिल होंगे
क्षिप्रा में यात्रा में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी शामिल होंगे। जिलाअध्यक्ष विपिना वानखेड़े और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि सायक्लोथान केवल एक खेल या रेस नहीं है, बल्कि यह शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों के प्रति हमारी एकजुटता का प्रतीक है। एनएसयूआई, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और विद्यार्थी इसमें शामिल हो रहे हैं।
भाजपा की मासिक बैठक संपन्न, बूथ मजबूत करने पर जोर
डबलचौकी: भारतीय जनता पार्टी जिला इंदौर की मासिक बैठक सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारी तथा विभिन्न अभियानों की समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी मंडलों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सामूहिक रूप से सुनने और अधिक से अधिक आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक को विधायक मधु वर्मा, जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, देवराज सिंह परिहार, पूर्व जिला अध्यक्ष चिंटू वर्मा तथा धार जिला प्रभारी राधेश्याम यादव ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर बल दिया।जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा ने कहा कि प्रत्येक माह की 7 तारीख तक सभी मंडलों की बैठकें अनिवार्य रूप से संपन्न हो जानी चाहिए तथा 7 तारीख के बाद जिले की बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समयबद्ध तरीके से संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।बैठक का संचालन कार्यालय मंत्री मुकेश जरिया ने किया।
पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस की साइकिल यात्रा मंगलवार से, इंदौर से भोपाल तक 200 किमी का सफर, जीतू पटवारी करेंगे अगुआई
सौजन्य से: www.naidunia.com