July 16, 2026

झाबुआ के कुएं में बुजुर्ग महिला का शव मिला: एक दिन पहले शादी में जाने घर से निकली थी, मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी – Jhabua News

झाबुआ जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर खरडू छोटी गांव के माल फालिया इलाके में सोमवार को एक बिना मुंडेर के कुएं में बुजुर्ग महिला की लाश मिली। इस हादसे का पता तब चला जब कुछ बच्चे कुएं के पास लगे नीम के पेड़ पर खेल रहे थे। खेलते-खेलते जब बच्चों की नजर कुएं के अंदर गई, तो उन्हें वहां एक लाश तैरती हुई दिखाई दी। बच्चों ने तुरंत भागकर गांव वालों को इसके बारे में बताया, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं बुजुर्ग महिला ग्रामीणों ने फौरन गांव के तड़वी (प्रमुख) को मामले की जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को फोन किया। खबर मिलते ही झाबुआ कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। कोतवाली थाना प्रभारी आरसी भास्करे ने बताया कि मृतका की पहचान झकेला गांव की रहने वाली 70 साल की तितली बाई (पति दूला बामनिया) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बुजुर्ग महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। शादी में जाने के दौरान हुआ हादसा बताया जा रहा है कि वह रविवार शाम करीब 5:00 बजे एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए खरडू बड़ी गई थीं। इसी दौरान रास्ते में अनसिग नाम के व्यक्ति के खेत में बने बिना मुंडेर के कुएं में पैर फिसलने या बेकाबू होकर गिरने की वजह से मौत हो गई। हालांकि अभी तक इस बात की पृष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



सौजन्य से: www.bhaskar.com

Related post