खरगोन में 232 लावारिस आधार कार्ड मिले: ट्रेचिंग ग्राउंड रोड पर जब्त, तहसीलदार को जांच के निर्देश – Khargone News
खरगोन के ट्रेचिंग ग्राउंड रोड पर 232 लावारिस आधार कार्ड पाए गए। एसडीएम वीरेंद्र कटारे ने राजस्व टीम भेजकर इन कार्डों का पंचनामा बनवाया और जब्त कर लिया। मामले की जांच के लिए तहसीलदार और ई-गवर्नेंस अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।
.
जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए कार्ड ज्यादातर संजय नगर और राजेंद्र नगर क्षेत्र के निवासियों के हैं। ऐसे लावारिस कार्ड मिलने के पीछे कई संभावनाएं जताई जा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह हो सकता है कि डाक विभाग द्वारा कार्ड समय पर लोगों तक न पहुंचे हों या कचरा गाड़ी से गिर गए हों।
स्थानीय बोले- एड्रेस पर नहीं पहुंचते आधार कार्ड स्थानीय लोगों का कहना है कि आधार कार्ड एक बहुत महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके जरिए बैंक खाते लिंक होते हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिलता है। लोग शिकायत कर रहे हैं कि आधार सेंटर पर अपडेट कराने के बाद भी उन्हें कार्ड डाक से नहीं मिलता। उन्हें बाजार से कार्ड प्रिंट करवाना पड़ता है, जबकि इसके लिए शुल्क पहले ही लिया गया होता है।
साइबर धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए इन लावारिस कार्डों के गलत इस्तेमाल की भी आशंका जताई जा रही है। इस वजह से अधिकारियों ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
आधार कार्ड प्रशासन ने जब्त किए एसडीएम वीरेंद्र कटारे ने बताया कि पंचनामा बनाकर सभी आधार कार्ड जब्त कर लिए गए हैं। तहसीलदार और ई-गवर्नेंस अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद अगर किसी की लापरवाही पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य से: www.bhaskar.com