रीवा में दहेज प्रताड़ना से परेशान नवविवाहिता का सुसाइड: नोट में लिखा- बलम जी तलाक मांग रहे, तो हम दुनिया छोड़ रहे – Rewa News
पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के देवगांव में एक 19 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले में पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
.
मृतका की पहचान संध्या यादव के रूप में हुई है। वह रीवा शहर के महाजन टोला की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब आठ महीने पहले सेमरिया थाना क्षेत्र में हुई थी।
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से संध्या को दहेज को लेकर प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। आरोप है कि पति की ओर से तलाक की मांग किए जाने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी।
सुसाइड नोट में लिखा- बलम जी तलाक मांग रहे, हम दुनिया छोड़ रहे पुलिस के अनुसार, मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में मृतका ने अपने पति को ‘बलम जी’ कहकर संबोधित किया है। इसमें लिखा है कि पति से तलाक की मांग करने से वह अंदर से टूट चुकी थी। उसने लिखा कि बलम जी तलाक मांग रहे और हम दुनिया छोड़ रहे।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में दहेज विवाद और पति की मांग से आहत होकर यह कदम उठाने की बात लिखी गई है। नोट में पति और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी दर्ज बताए गए हैं।
पोस्टमॉर्टम के दौरान परिसर में मौजूद मृतक के परिजन।
पति हिरासत में, जांच जारी
सूचना मिलने पर सेमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सेमरिया थाना पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य से: www.bhaskar.com