सांदीपनि स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर उठे सवाल, कहीं 64 तो कहीं 61% स्टूडेंट्स फेल
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शासन का महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट सांदीपनि विद्यालय 2022 में सांदीपनि विद्यालय के रूप में प्रदेश के 274 स्कूलों को चिन्हित किया गया। इन विद्यालयों में प्राचार्य से लेकर शिक्षकों की परीक्षा लेकर पदस्थापना की गई। इसके बावजूद शैक्षणिक गुणवत्ता नहीं सुधर पाई है। इन विद्यालयों का परिणाम सामान्य स्कूलों से खराब है।
जिले के सांदीपनि विद्यालय का नौवीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम 48 प्रतिशत व 11वीं का 76 प्रतिशत रहा, जबकि सामान्य स्कूलों का नौवीं का 54 प्रतिशत व 11वीं का 80 प्रतिशत आया है। इसमें भोपाल जिले का सांदीपनि उमावि विद्यालय बैरसिया के नौवीं कक्षा में 64 फीसद विद्यार्थी फेल हैं।
वहीं 11वीं में सांदीपनि विद्यालय बर्रई के 61 फीसद विद्यार्थी फेल हुए हैं। इससे स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी चिंतित हैं। संयुक्त संचालक ने खराब प्रदर्शन करने वाले सभी प्राचार्यों से जवाब-तलब किया है। विभाग इन विद्यालयों के परिणाम की समीक्षा कर सुधार करने का प्रयास करेगा, ताकि ये स्कूल अगले साल 10वीं व 12वीं बोर्ड में अच्छा परिणाम ला सकें। बता,दें कि प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों का नौवीं कक्षा परिणाम 55 फीसद और 11वीं का 79 फीसद रहा है।
प्रशिक्षण पर करोड़ों रुपये खर्च
इन स्कूलों को निजी स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। राजधानी के दो स्कूल नए भवन में शिफ्ट हो गए हैं। तमाम सुविधाएं जैसे प्रशिक्षित व परीक्षा पास शिक्षक, सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी, स्पोटर्स कॉम्पलेक्स, स्मार्ट क्लास रूम उपलब्ध कराई गई हैं। इन विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण देने में करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद भी शैक्षणिक गुणवत्ता नहीं सुधर पा रही है।
तीन विद्यालयों का नौवीं में प्रदर्शन खराब
राजधानी का सांदीपनि उमावि बर्रई में नौवीं में 96 में से 44 विद्यार्थी पास हैं। वहीं सांदीपनि विद्यालय निशातपुरा में नौवीं में 270 में से 98 विद्यार्थी ही पास हुए हैं। सांदीपनि विद्यालय बैरसिया में नौवीं में 317 में से 115 विद्यार्थी पास हैं।
यह भी पढ़ें- सांदीपनि स्कूल में शिक्षा का ‘बंटाधार’, 328 में से 241 छात्र फेल, 4 अतिथि शिक्षकों को हटाया; किया ब्लैकलिस्ट
सांदीपनि विद्यालयों का 9वीं व 11वीं के परिणाम के आंकड़े
स्कूल का नाम परिणाम (9वीं प्रतिशत) परिणाम(11वीं प्रतिशत)
सांदीपनि उमावि महात्मा गांधी -61 -80
सांदीपनि उमावि बरखेड़ी -54 -77
सांदीपनि उमावि बर्रई -46 -39
सांदीपनि उमावि बैरसिया -36 -76
सांदीपनि कन्या उमावि कमला नेहरू -70 -90
सांदीपनि विद्यालय निशातपुरा- -36 -66
सांदीपनि उमावि करोंद – -43 -62
सांदीपनि विद्यालय गोविंदपुरा -53 -89
नौवीं व 11वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा के परिणाम का आकलन किया जा रहा है। खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों से जवाब मांगा गया है- एनके अहिरवार, जिला शिक्षा अधिकारी।
सौजन्य से: www.naidunia.com