July 16, 2026

सीहोर के VIT College में 4 हजार से ज्यादा छात्रों ने मचाया उत्पात, गाड़‍ियों में तोड़फोड़ कर लगाई आग


मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थिति वीआईटी कॉलेज में देर रात 4 हजार से ज्यादा छात्रों ने खराब खाना देने का आरोप लगाकार प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित छात्रों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी और वाहनों में आग भी लगा दी। जानकारी के मुताबिक हॉस्टल के कई छात्रों को पीलिया हो गया है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन पर इस ओर कोई ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया।

Publish Date: Wed, 26 Nov 2025 10:04:39 AM (IST)

Updated Date: Wed, 26 Nov 2025 10:28:25 AM (IST)

वीआईटी कॉलेज में आक्रोशित छात्रों ने इस तरह वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी।

HighLights

  1. पेयजल–भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर छात्रों का फूटा गुस्सा।
  2. आज कॉलेज प्रबंधन, प्रशासन एवं छात्र प्रतिनिधियों के बीच बैठक।
  3. इसमें भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था पर बात की जाएगी।

नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। आष्टा के ग्राम कोठरी स्थित वीआईटी कॉलेज में देर रात उस समय हालात बिगड़ गए जब हजारों छात्रों ने हॉस्टल में मिल रहे घटिया भोजन और दूषित पेयजल को लेकर ज़ोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति इतनी विस्फोटक हो गई कि छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी कर दी। विरोध के दौरान एक बस, दो चारपहिया वाहन, एक एम्बुलेंस, आरओ प्लांट, हॉस्टल की खिड़कियों के शीशे और परिसर की कई संपत्तियों को भारी नुकसान पहुचा।

चार हजार से अधिक छात्र विरोध में उतरे, पुलिस ने मोर्चा संभाला घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम, एसडीओपी आष्टा सहित आष्टा, जावर, पार्वती और कोतवाली सहित आसपास के थानों से पुलिस बल तुरंत मौके पर भेजा गया।

naidunia_image

अधिकारियों ने छात्रों से बात कर माहौल शांत कराया। एसडीओपी आकाश अमलकर ने बताया कि वर्तमान में कॉलेज एवं हॉस्टल परिसर पूर्णतः शांत और नियंत्रण में है। पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

भोजन-पानी की गुणवत्ता पर बड़ा आरोप, कई छात्र पीलिया से पीड़ित

छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में दिया जाने वाला पानी और खाना बेहद खराब गुणवत्ता का है, जिसके कारण विद्यार्थियों में बीमारिया फैल रही हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि कई छात्रों को पीलिया हो गया था, जिन्हें कॉलेज प्रबंधन ने गुपचुप तरीके से भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रों ने आरोप लगाया कि मैनेजमेंट उनकी शिकायतों को दबाता रहा और हॉस्टल स्टाफ द्वारा छात्रों से मारपीट व धक्का-मुक्की तक की गई।

naidunia_image

प्रबंधन चुप, पुलिस प्रशासन सक्रिय

कॉलेज प्रबंधन ने अब तक घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। उधर एसपी दीपक शुक्ला ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। वीआईटी में 30 नवंबर तक अवकाश घोषित किया गया है। छात्रों की समस्याओं और बीमार बच्चों की सूची एसडीएम और एसडीओपी आष्टा द्वारा ली जा रही है।

आज छात्रों और प्रबंधन की संयुक्त बैठक

आज कॉलेज प्रबंधन, प्रशासन एवं छात्र प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था, मेडिकल सुविधाए और हॉस्टल प्रबंधन के व्यवहार से जुड़े मुद्दों पर निर्णय लिया जाएगा।

naidunia_image

पीलिया से मौत की बात अफवाह

आज वीआईटी कॉलेज कोठरी में फैली एक भ्रामक सूचना को लेकर कॉलेज प्रबंधन द्वारा आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया गया। कॉलेज के रजिस्ट्रार केके नायर ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया एवं कुछ माध्यमों पर जॉन्डिस (पीलिया) एवं खराब पानी के कारण मृत्यु जैसी जो अफवाहें फैलाई गईं, वे पूरी तरह असत्य एवं भ्रामक हैं।



सौजन्य से: www.naidunia.com

Related post