सीहोर में लापता दो बालिकाएं दिल्ली से मिलीं: सिंगर और पब्लिक स्पीकर बनने मुंबई जाने घर से निकली थीं – Sehore News
सीहोर के ग्राम जामुन छापरी से 4 अक्टूबर को लापता हुई दो बालिकाओं को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि वे गायिका और पब्लिक स्पीकर बनने के उद्देश्य से घर से निकली थीं, लेकिन रास्ता भटककर दिल्ली पहुंच गईं।
.
बालिकाओं के लापता होने के बाद बिलकिसगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक के विशेष निर्देशों पर बिलकिसगंज थाने द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
इस दौरान विश्व हिंदू परिषद और आदिवासी सामाजिक संगठनों ने 13 अक्टूबर को बिलकिसगंज थाने में और 27 अक्टूबर को सीहोर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपे थे। इन ज्ञापनों में कुछ व्यक्तियों पर संदेह व्यक्त किया गया था।
प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप, पुलिस टीम ने दोनों बालिकाओं को दिल्ली से सकुशल खोज निकाला। परिजनों की उपस्थिति में उनके बयान दर्ज किए गए, जिसमें उन्होंने अपने मुंबई जाने के इरादे और दिल्ली पहुंचने की बात बताई।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बालिकाओं के साथ किसी भी प्रकार की अनुचित घटना या गलत कार्य नहीं हुआ था। दोनों बालिकाएं अपनी इच्छा से घर से गई थीं, और प्रकरण में कोई संज्ञेय अपराध घटित होना नहीं पाया गया।
सभी विधिसम्मत कार्रवाई पूरी करने के बाद, दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों को सकुशल सौंप दिया गया है।
सौजन्य से: www.bhaskar.com