July 15, 2026
TRENDING

55 फीट रावण और 50 फीट कुंभकरण का दहन आज: बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में युद्ध मंचन होगा, रंगीन आतिशबाजी से गूंजेगा दशहरा – Betul News


बैतूल में विजयादशमी पर्व पर आज (गुरुवार) श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति द्वारा रावण और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। यह आयोजन लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में होगा, जहां 55 फीट ऊंचे रावण और 50 फीट ऊंचे कुंभकरण के पुतले जलाए जाएंगे।

.

समिति के मीडिया प्रभारी राजेश मदान ने बताया कि शाम 4 बजे गंज स्थित श्रीकृष्ण मंदिर से विजय जुलूस प्रारंभ होगा। यह जुलूस शाम 5 बजे लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचेगा। इसमें समिति के सदस्य डांडिया खेलते हुए शामिल होंगे, साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी सहभागी बनेंगे।

पुतला दहन से पहले मंच पर राम-रावण युद्ध का अंतिम दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद रंगीन आतिशबाजी से दशहरे की रात को उल्लासमय बनाया जाएगा। समिति ने जिलेवासियों से परिवार सहित इस आयोजन में शामिल होकर धर्म और संस्कृति के पर्व का गौरव बढ़ाने की अपील की है।

इस वर्ष दशहरे के लिए रावण का 55 फीट और कुंभकरण का 50 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। ये पुतले प्लास्टिक लेमिनेशन युक्त वॉटर प्रूफ सामग्री से बने हैं, जिनकी आंखों और तलवार में विशेष रंगीन एलईडी लाइट लगाई गई है। इन भव्य पुतलों का निर्माण भोपाल के कलाकार राजेश उइके ने किया है, जो पिछले दस वर्षों से समिति के लिए पुतले बना रहे हैं।

इससे पहले बुधवार रात गंज स्थित रामलीला मैदान में रामलीला के अंतिम दिन राम-रावण युद्ध का मंचन हुआ। आदर्श इंद्रलोक रामलीला मंडल खजूरी, जिला सीधी के कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रावण का गर्जन, उसकी चमत्कारिक शक्तियां और राम-रावण के बीच बाणों की बौछार देख दर्शक रोमांचित हो उठे।

देखिए तस्वीरें…



सौजन्य से: www.bhaskar.com

Related post