July 16, 2026

अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर बच्चे को पिलर से बांधा: पैसे मांगने पर युवक भड़के, 4 नाबालिगों समेत 6 आरोपी हिरासत में – Anuppur News

अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को बच्चे को पिलर से रस्सी से बांधकर बंधक बनाने का वीडियो सामने आया। शुरुआत में रेलवे अधिकारियों ने घटना के बारे में कुछ नहीं कहा, लेकिन दोपहर तक मीडिया में खबर आने के बाद सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर दोषियों की तलाश शुरू की गई। शाम तक जीआरपी ने इस मामले में 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इन पर बाल संरक्षण अधिनियम 75 और बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जीआरपी प्रभारी पीएस कुलस्ते ने बताया कि हिरासत में लिए गए छह आरोपियों में चार नाबालिग हैं, जो अनूपपुर के स्थानीय निवासी हैं। अन्य दो युवकों की पहचान 18 वर्षीय टीकाराम काछी (कोतमा निवासी) और टेक इस्लाम (अनूपपुर निवासी) के रूप में हुई है। पैसे मांगने पर बच्चे को बांधा था जीआरपी प्रभारी अनूपपुर के अनुसार, पीड़ित 10 वर्षीय किशोर लावारिस है और भिक्षा मांगकर अपना गुजारा करता है। सोमवार सुबह वह रेलवे स्टेशन के बाहर इन छह लोगों से पैसे मांग रहा था और उनका पीछा कर रहा था। जब लड़कों ने उसे पैसे देने से मना किया और वह फिर भी पैसे मांगता रहा, तो उन्होंने उसे पिलर से बांध दिया। जीआरपी ने किशोर का मेडिकल परीक्षण कराया है, जिसके बाद उसे बाल संरक्षण गृह भेजा जाएगा। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें नोटिस पर रिहा करने की कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल लीगल केस (MLC) रिपोर्ट में मारपीट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। फिलहाल, जीआरपी इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



सौजन्य से: www.bhaskar.com

Related post