बुरहानपुर में आदिवासी महिला से दुष्कर्म: 3 बच्चों की मां को शादी का झांसा देकर गुजरात ले गया; 15 दिन बंधक बनाया – Burhanpur (MP) News
बुरहानपुर जिले के नेपानगर में एक आदिवासी विवाहित महिला को शादी का झांसा देकर गुजरात ले जाने और वहां 15 दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर नेपानगर पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपी समीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस मामले को लेकर तीन दिन पहले हिंदू संगठनों ने नेपानगर थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। पीड़िता ने अपने पति, सास और जेठ के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। महिला ने बताया कि वह भील आदिवासी समाज से है, उसकी शादी 8 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। करीब 3 से 4 महीने पहले उसकी पहचान आरोपी समीर से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उसे शादी का झांसा देना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि समीर उसे बार-बार अपने पति को छोड़कर शादी करने के लिए उकसाता था। आरोपी को महिला के भील आदिवासी होने की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उसने अपनी पहचान छिपाकर महिला को गुमराह किया और विश्वास में ले लिया। 17 मई को बस से गुजरात ले गया, 15 दिन तक रखा बंधक
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने पहले उससे नजदीकियां बढ़ाईं और फिर 17 मई 2024 को उसे बस से गुजरात ले गया। गुजरात के एक गांव में आरोपी ने उसे लगभग 15 दिनों तक बंधक बनाकर रखा। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी ने एक सुनियोजित साजिश के तहत महिला को प्रेमजाल में फंसाकर उसका शोषण किया है। जान से मारने की धमकी दी, 10 से 15 बार किया दुष्कर्म
महिला ने पुलिस को बताया कि गुजरात में बंधक रहने के दौरान आरोपी समीर ने उसके साथ 10 से 15 बार जबरन दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकियां भी दीं। पुलिस ने महिला के बयानों के आधार पर आरोपी समीर के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।
सौजन्य से: www.bhaskar.com