July 16, 2026

छतरपुर में चलते ट्रक का टायर फटा, आग लगी: 30 टन लदा गेहूं जलने से बचा; ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान – Chhatarpur (MP) News

छतरपुर जिले के हरपालपुर नगर में शनिवार शाम 30 टन गेहूं से लदा एक ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। घटना राजपूत कॉलोनी तिराहे के पास रात करीब 8 बजे की है, जहां चलते ट्रक का अगला टायर फटने से निकली चिंगारी डीजल टैंक तक पहुंच गई और देखते ही देखते भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, वहीं ट्रक में लदा गेहूं भी आग की चपेट में आ गया। प्लास्टिक की बोरियां पिघल गईं, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे लाखों रुपए का पूरा माल जलने से बच गया। ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान
ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह हरपालपुर नगर स्थित हर-हर महादेव फर्म से गेहूं लोड कर उत्तराखंड के रुड़की के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही ट्रक राजपूत कॉलोनी तिराहे के मोड़ पर पहुंचा, अचानक टायर फट गया। टायर से निकली चिंगारी सीधे डीजल टैंक तक पहुंची और आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए चालक तुरंत ट्रक से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने भी संभाला मोर्चा
आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने अपने घरों के मोटर पंप चलाकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। सूचना मिलते ही नगर परिषद हरपालपुर की फायर ब्रिगेड और पीसीआर 112 की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने भी हालात को संभाला और भीड़ को नियंत्रित किया। दूसरे ट्रक में शिफ्ट किया गया गेहूं
आग बुझने के बाद ट्रक में लदे गेहूं को सुरक्षित निकालकर दूसरे ट्रक में शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया गया। इस हादसे में बड़ा नुकसान होने से टल गया, हालांकि ट्रक का केबिन पूरी तरह जल गया। देखिए घटनास्थल की तस्वीरें…



सौजन्य से: www.bhaskar.com

Related post