July 15, 2026
TRENDING

दूसरी बार घर से भागी शताब्दीपुरम की किशोरी चित्रकूट से बरामद, अब वन स्टॉप सेंटर में कटी रात, ग्वालियर का मामला


पुलिस ने किशोरी की बरामदगी के लिए शताब्दीपुरम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, कुछ संदेहियों को राउंडअप कर पूछताछ की और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय …और पढ़ें

Publish Date: Mon, 29 Jun 2026 09:56:12 AM (IST)Updated Date: Mon, 29 Jun 2026 09:56:39 AM (IST)

एआई से बना चित्र।

HighLights

  1. किशोरी 21 जून से थी लापता
  2. पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिरों से लगाया सुराग
  3. ग्वालियर आकर परिजनों के साथ जाने से किया मना

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम से लापता हुई किशोरी को पुलिस ने चित्रकूट से बरामद कर लिया है। जब उसे यहां लाकर बात की गई तो उसने घर जाने से इंकार कर दिया। यह किशोरी दूसरी बार अपनी मर्जी से घर से गई है। इससे पहले, वह अप्रैल में भी भाग चुकी थी।

पुलिस ने की थी अपहरण की एफआईआर दर्ज

21 जून को किशोरी अपने घर से चली गई थी। जब रिश्तेदारों और परिचितों के घरों में उसकी तलाश की गई और वह नहीं मिली, तब पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने इस मामले में अपहरण की एफआईआर दर्ज की थी। चित्रकूट से पुलिस ने रविवार को किशोरी को बरामद किया। जब पुलिस ने उसे ग्वालियर लाकर स्वजनों से मिलवाया, तो उसने स्वजनों के साथ जाने से मना कर दिया।

किशोरी तक ऐसे पहुंची पुलिस

पुलिस ने किशोरी की बरामदगी के लिए शताब्दीपुरम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, कुछ संदेहियों को राउंडअप कर पूछताछ की और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की इस चौतरफा घेराबंदी और त्वरित कार्रवाई के चलते रविवार शाम को पुलिस ने रूट मैपिंग कर छात्रा का पता लगाया और उसे शहर के पास से बरामद कर लिया। हालांकि, किशोरी ने घर जाने से मना कर दिया, जिसके कारण फिलहाल उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है।

दूसरी बार घर से भागी थी

पुलिस जांच और काउंसलिंग के दौरान इस बालिका से जुड़ा एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया। थाना पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, यह नाबालिग पहले भी घर से बिना बताए भाग चुकी है। 1 अप्रैल 2026 को भी यह बालिका अचानक घर से लापता हो गई थी। तब महाराजपुरा पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद उसे चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) से सकुशल दस्तयाब कर माता-पिता के सुपुर्द किया था।



सौजन्य से: www.naidunia.com

Related post