July 15, 2026
TRENDING

गाय के मालिकाना हक को लेकर चले लाठी-डंडे: शिवपुरी में एक पक्ष ने दूसरे को लाठी-डंडों से पटकर पीटा, 5 लोगों पर FIR दर्ज – Shivpuri News

शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम हातौद में गाय के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर चार नामजद और एक अज्ञात सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी एनसीआर दर्ज की गई है। ग्राम हातौद निवासी 58 वर्षीय इन्द्रजीत सिंह सरदार ने बताया कि उनके पास पिछले पांच वर्षों से एक देशी गाय है। गुरुवार की शाम वह अपने भाई परमजीत सिंह के साथ घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान ग्राम गांगोली निवासी लक्ष्मण सिंह गुर्जर, पप्पू गुर्जर, जण्डेल सिंह गुर्जर और कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे। उन्होंने गाय को अपना बताते हुए उसे ले जाने का प्रयास किया। गाय देने से इनकार किया तो मारपीट की
इन्द्रजीत और उनके भाई ने जब गाय देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लक्ष्मण गुर्जर ने लाठी से इन्द्रजीत पर हमला कर दिया। आरोप है कि पप्पू गुर्जर ने उन्हें जमीन पर पटककर लात-घूंसों से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए परमजीत सिंह पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे उनके हाथ, कोहनी और छाती में चोटें आईं। शोर सुनकर इन्द्रजीत की पत्नी परबिन्दर कौर और परिवार की अन्य महिला सदस्य मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। इस घटना में कुल तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने पांच आरोपियों पर केस दर्ज किया
देहात थाना पुलिस ने फरियादी इन्द्रजीत सिंह की शिकायत पर लक्ष्मण सिंह गुर्जर, पप्पू गुर्जर, जण्डेल सिंह गुर्जर, गोपाल गुर्जर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। वहीं, गुर्जर पक्ष की ओर से भी पुलिस में एनसीआर दर्ज कराई गई है। मामले की जांच जारी है।



सौजन्य से: www.bhaskar.com

Related post