‘हे भगवान तुमने ये शक्ल मुझे क्यों?…’, Dharmendra को पहली बार देखकर देव आनंद ने कहा
Dharmendra Death: हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। लंबे समय से बीमार चल रहे धर्मेंद्र को कुछ सप्ताह पहले सांस लेने में दिक्कत के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। धर्मेंद्र सिर्फ अपनी एक्टिंग के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी हैण्डसम पर्सनालिटी और मजबूत कद-काठी के लिए भी जाने जाते थे।
Publish Date: Mon, 24 Nov 2025 03:08:14 PM (IST)
Updated Date: Mon, 24 Nov 2025 03:08:14 PM (IST)
HighLights
- अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा
- विले पार्ले श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया
- जया बच्चन, दिलीप कुमार जैसे कलाकार उनके लुक्स से थे प्रभावित
एंटरटेनमेंट डेस्क। हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। लंबे समय से बीमार चल रहे धर्मेंद्र को कुछ सप्ताह पहले सांस लेने में दिक्कत के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 12 नवंबर को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था और परिवार ने बताया था कि उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। लेकिन 24 नवंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली।
विले पार्ले श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां अमिताभ बच्चन, आमिर खान, सलीम खान, आदित्य रॉय कपूर सहित फिल्म जगत के कई बड़े सितारे उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
लंबी बीमारी के बाद कहा अलविदा
31 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती हुए धर्मेंद्र वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक 10 नवंबर से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा था, लेकिन उम्र और बीमारी के चलते उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो पाया।
देवानंद भी थे धर्मेंद्र की सुंदरता के मुरीद
धर्मेंद्र सिर्फ अपनी एक्टिंग के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी हैण्डसम पर्सनालिटी और मजबूत कद-काठी के लिए भी जाने जाते थे। टाइम मैगजीन ने उन्हें कभी दुनिया के दस सबसे खूबसूरत पुरुषों में शामिल किया था। जया बच्चन, दिलीप कुमार जैसे कलाकार उनके लुक्स से प्रभावित रहते थे।
यहां तक कि सदाबहार स्टार देवानंद भी उनकी खूबसूरती के कायल थे। कहा जाता है कि जब देवानंद ने धर्मेंद्र को पहली बार देखा, तो मुस्कुराते हुए बोले “हे भगवान, तुमने ये शक्ल मुझे क्यों नहीं दी?”
यह भी पढ़ें- Dharmendra Death Updates: नहीं रहे धर्मेंद्र… 89 साल की उम्र में बॉलीवुड के हीमैन का निधन, सितारे पहुंचे श्मशान घाट
65 साल का शानदार सफर
8 दिसंबर 1935 को जन्मे धर्मेंद्र केवल कृष्ण देओल ने छह दशकों से अधिक के करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। एक्शन, रोमांस और कॉमेडी हर शैली में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा हिट फिल्में देने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है। धर्मेंद्र का जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक युग का अंत माना जा रहा है। उनका योगदान, उनकी सादगी और उनका करिश्मा हमेशा याद किया जाएगा।
(सौजन्य से): www.naidunia.com