इंदौर के अरविंदो अस्पताल से लवकुश चौराहा तक जाम, दो घंटे तक रेंगते रहे हजारों वाहन
MP Traffic Jam: इंदौर की यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और शाम के समय जाम की समस्या गंभीर रूप ले रही है। मंगलवार को उज्जैन रोड पर अरविंदो अस्पताल से लेकर लवकुश चौराहा तक दो वाहन खराब होने से करीब दो घंटे तक हजारों वाहन चालक परेशान रहे।
Publish Date: Tue, 02 Dec 2025 09:33:19 PM (IST)
Updated Date: Tue, 02 Dec 2025 10:01:00 PM (IST)
HighLights
- दो वाहन खराब, ट्रैफिक दो घंटे बाधित
- पुलिस जवानों की कमी से अव्यवस्था बढ़ी
- निर्माण कार्य से सड़क संकरी और अवरुद्ध
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: शहर के यातायात व्यवस्था बेहद खराब होती जा रही है। शाम को अलग-अलग क्षेत्रों में व्यस्त समय में जाम लगना और वाहनों की कतारें लगना आम बात हो गई है। मंगलवार शाम को उज्जैन रोड स्थित अरविंदो अस्पताल से लवकुश चौराहा पर दो वाहन खराब होने के कारण करीब दो घंटे तक वाहन चालक परेशान होते रहे। हजारों वाहन चालक रेंगते हुए निकले।
लवकुश चौराहा पर ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। बीच सड़क में पतरे लगाने के कारण वाहन चालकों को आवागमन के लिए उचित स्थान नहीं मिल पाता है। इसके कारण इस मार्ग पर रोजाना जाम लगना आम बात है। शाम के समय उज्जैन की ओर से एवं इंदौर से उज्जैन की ओर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसी तरह गांधी नगर से सुपर कारिडोर होकर और बांणगंगा से बड़ी संख्या में वाहन चालक लवकुश चौराहा पर आते हैं। इससे लवकुश चौराहा पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है।
जाम में फंसे वाहन चालक कमलेश श्रीवास्तव ने बताया, “एमआर-10 से लवकुश चौराहा तक यातायात के जवान चौराहों पर खड़े नजर नहीं आते हैं। उज्जैन से एमआर-10 की ओर लगातार बड़ी संख्या में वाहन चालक आते हैं। पुलिस के जवान नहीं होने के कारण वाहन चालक बेतरतीब वाहन चलाते हैं और विपरीत दिशा में वाहन चालक आते हैं। इसके कारण शाम को आए दिन जाम की स्थिति बनती है अौर सैकड़ों वाहन चालक परेशान होते नजर आते हैं।”
प्रत्यक्षदर्शी नरेंद्र संकत ने बताया कि वाहनों की कतारें एमआर-10 ब्रिज से अरविंदो अस्पताल तक लगी रही। हजारों वाहन चालक रेंगते हुए चल रहे थे। इसी प्रकार उज्जैन से एमआर-10 की ओर जाने वाले वाहन चालक धीरे-धीरे वाहन चला रहे थे। साथ ही एक बारात निकलने के कारण भी धीरे-धीरे कुछ वाहन चालक उलझे, फिर थोड़ी ही देर में देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
सौजन्य से: www.naidunia.com