July 15, 2026
TRENDING

सीधी कांग्रेस भवन में विधानसभा प्रभारी से मारपीट का मामला: कमलेश्वर पटेल बोले- हमला करने वाले असामाजिक तत्व, पार्टी में जगह नहीं; दो नेता आजीवन निष्कासित – Rewa News

सीधी के जवाहर कांग्रेस भवन में मंगलवार को विधानसभा प्रभारी डॉ. विनोद शर्मा के साथ हुई मारपीट और अभद्रता का मामला तूल पकड़ गया है। बुधवार को रीवा में प्रेस वार्ता करते हुए कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मारपीट करने वालों को असामाजिक तत्व बताते हुए स्पष्ट किया कि ऐसे लोगों की कांग्रेस में कोई जगह नहीं है। इस मामले में पार्टी ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो नेताओं को आजीवन निष्कासित कर दिया है। कमलेश्वर पटेल ने बताया कि उन्होंने डॉ. विनोद शर्मा से फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली है। घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए पटेल ने कहा, “मैंने विनोद शर्मा जी से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की है। उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी। जिस तरह का व्यवहार उनके साथ हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।” कार्यकर्ताओं के बीच ऐसी स्थिति चिंताजनक
पार्टी में अनुशासन को सर्वोपरि बताते हुए पटेल ने कहा कि संगठन की छवि खराब करने वालों पर कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच इस तरह की स्थिति बनी। इसे किसी भी रूप में सही नहीं ठहराया जा सकता। पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और जो भी संगठन की मर्यादा तोड़ेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।” मंगलवार को हुई थी धक्का-मुक्की, दो नेता निष्कासित
सीधी में मंगलवार शाम कांग्रेस की मासिक समीक्षा बैठक के बाद विवाद हो गया था। आरोप है कि विधानसभा प्रभारी डॉ. विनोद शर्मा के साथ गाली-गलौज, छीनाझपटी और धक्का-मुक्की की गई। इस घटना के बाद कांग्रेस संगठन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय सिंह और कमलेन्द्र सिंह को पार्टी से आजीवन निकाल दिया है। सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ था विवाद
जानकारों के अनुसार, यह पूरा विवाद एक ‘सामंतवादी’ सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ था, जिसने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को खुलकर सामने ला दिया है। रीवा में कमलेश्वर पटेल के सख्त बयानों से अब यह साफ हो गया है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अनुशासनहीनता के इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और इसे हल्के में छोड़ने के मूड में नहीं है।



सौजन्य से: www.bhaskar.com

Related post