July 15, 2026
TRENDING

सीहोर के अलीपुर में करणी सेना और समुदाय विशेष के बीच विवाद, पथराव व वाहनों में तोड़फोड़; पुलिस ने संभाला मोर्चा


सीहोर जिले के अलीपुर में रविवार रात हरदा से लौट रहे करणी सेना के कार्यकर्ताओं और समुदाय विशेष के कुछ लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ा क …और पढ़ें

Publish Date: Sun, 21 Dec 2025 11:11:30 PM (IST)Updated Date: Sun, 21 Dec 2025 11:20:02 PM (IST)

अलीपुर में दो पक्षों के बीच विवाद

HighLights

  1. करणी सेना के कार्यकर्ताओं और समुदाय विशेष के बीच विवाद
  2. दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, पथराव और वाहनों में तोड़फोड़
  3. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी

नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर: जिले के आष्टा तहसील के अलीपुर क्षेत्र में रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पथराव हुआ और सड़क किनारे खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदा से लौट रहे करणी सेना के कार्यकर्ताओं और समुदाय विशेष के कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों को भी निशाना बनाया गया। घटना की सूचना मिलते ही आष्टा और पार्वती थाना सहित आसपास के थानों से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सूत्रों के अनुसार भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और हल्का बल प्रयोग भी किया गया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के चलते कुछ समय के लिए चक्काजाम की स्थिति भी बन गई, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नारेबाजी की भी खबर सामने आई है।

यह भी पढ़ें- MP के बिजली उपभोक्ताओं को राहत… साल 2028 तक नहीं बढ़ेंगे दाम! ऊर्जा मंत्री ने बताया सरकार का ‘प्लान 2028’

रात पौने 11 बजे तक माहौल पूरी तरह शांत नहीं हो सका था। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से किसी के खिलाफ कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया था। इस संबंध में आष्टा एसडीओपी आकाश अमलकर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

वहीं पार्वती थाना प्रभारी हरिसिंह परमार ने कॉल तो अटेंड किया, लेकिन मौके पर भीड़ अधिक होने के कारण स्पष्ट बातचीत नहीं हो पाई। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।



सौजन्य से: www.naidunia.com

Related post