July 16, 2026
TRENDING

युवक के गले में पट्‌टा बांधकर घसीटने वाले आरोपियों पर NSA की कार्रवाई, घर पर चलेगा बुलडोजर


युवक के गले में पट्‌टा बांधकर घसीटने वाले आरोपियों पर NSA की कार्रवाई, घर पर चलेगा बुलडोजर

Bhopal Crime: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक युवक को कुत्ता बनाकर सड़कों पर घुमाने का वीडियो सामने आया है. अब इस मामले में नया खुलासा हुआ है. पीड़ित युवक ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें उसने धर्म परिवर्तन कराने और गोमांस खाने के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं. आरोपियों पर धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. पीड़ित विजय रामचंदानी के बयान के अनुसार, आरोपी उसे मुस्लिम धर्म अपनाने और गोमांस खाने के लिए मजबूर कर रहे थे. आरोपियों पर आईपीसी की अलग-अलग धाराओं और 34 के साथ धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.

गृहमंत्री ने पुलिस कमिश्नर से मांगी रिपोर्ट
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने मामले पर पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र से 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है. गृहमंत्री ने कहा, ‘मैंने VIDEO देखा है. मुझे यह बहुत गंभीर किस्म का लगा. किसी भी मनुष्य के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए. मैंने भोपाल पुलिस कमिश्नर को तत्काल ये निर्देश दिए हैं कि इसकी जांच करके सत्यता पर जाएं और कानूनी कार्रवाई करें.’

आरोपियों के खिलाफ NSA की कार्रवाई
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी घटना का संज्ञान लिया है. उन्होंने कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर को कड़े निर्देश दिए हैं कि आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) की कार्रवाई की जा रही है. तीन आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने के निर्देश दिए गए हैं.

सुनसान इलाके में ले जाकर की पिटाई
पीड़ित ने पुलिस को की गई शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्त को छोड़ने के लिए टीला जमालपुरा गया था. यहां उसे फैजान लाल, साहिल बच्चा, समीर मिले. इन लोगों को वह पहले से जानता था. इसी के बाद ऐक्सेस गाड़ी से तीन लड़के आये जिनमें बिलाल, मुफीद थे. इन्होंने विजय का रास्ता रोककर उसे पकड़ लिया और अपने और साथ आने की धमकी दी. जेब की तलाशी लेने के बाद उसे सुनसान इलाके में लेकर गए. गाड़ी की चाबी और मोबाइल छीन लिया. इसके बाद गाली गलौज की और पैसे मांगे. विजय ने 700-800 रूपये व दोनों मोबाइल निकाल कर डर के मारे उन्हें दे दिये, लेकिन उसके बावजूद भी वे नहीं माने.

गले में पट्टा डालकर कुत्ता बनाया और पीटा
पीड़ित का आरोप है कि सबकुछ देने के बाद भी वे विजय को मारते रहे और धर्म परिवर्तन करने को कहा. विजय ने एफआईआर में लिखा है कि ‘वे सभी मारते मारते हुए कहते रहे की तू मियां बन जा, बड़े का खाने लग, तू डरपोक है तेरे में जिगरा नहीं है तेरे को आज ही मार देते तो तू वैसे ही मर जाता.’ आरोपियों ने विजय के गले में पट्टा डालकर कुत्ता बनाया और फिर उसका वीडियो बनाया. उन्होंने बाद में वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी. विजय ने आरोप लगाया है कि इसके बाद बाद आरोपियों ने उसकी मां और भाई को भी फोन पर धमकाया और जान से मारने की धमकी दी.

सड़कों पर उतरा बजरंग दल 
इस घटना के सामने आने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं. बजरंग दल के कार्यकर्ता टीला जमालपुरा पहुंचे और थाने के सामने जय श्री राम के नारे लगाए. कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और सख्त कार्रवाई की मांग की.

आरोपी की मां ने दी सफाई
आरोपी साहिल की मां ने इस मामले में सफाई दी है. उसकी मां का कहना है ‘हमारे बच्चे ने किसी भी तरह का दवाब नहीं डाला है. हमारे बच्चे को जबरन फंसाया जा रहा है.’ वहीं पीड़ित युवक विजय के परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ित को नशा कराने की भी लत डाली. उसे गांजा और चरस का जबरन नशा करवाया जाता था. आरोपियों ने जबरन पीड़ित से अपने ही घर में चोरी भी कराई थी.

वहीं, पीड़ित के भाई का आरोप है कि पहले पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने भगा दिया था. इसके बाद परेशान होकर युवक ने खुद ही सोशल मीडिया पर अपने साथ हुई घटना का वीडियो डाला.

ये भी पढ़ें: भोपाल में एक युवक के साथ कुत्तों जैसा बर्ताव, गुंडों ने गले में फंदा डालकर कहा भौंक, Video वायरल

Related post