July 15, 2026
TRENDING

भोजशाला मामले में सीनियर एडवोकेट ने तर्क रखने के लिए समय लिया, एमपी हाई कोर्ट में आज फिर सुनवाई


मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ में भोजशाला को लेकर चार याचिकाएं और एक अपील चल रही हैं, इन सभी में एक साथ सुनवाई हो रही है। …और पढ़ें

Publish Date: Fri, 17 Apr 2026 10:10:18 AM (IST)Updated Date: Fri, 17 Apr 2026 11:21:26 AM (IST)

भोजशाला की फाइल फोटो।

HighLights

  1. कोर्ट ने इंटरविनर पक्षकारों को भी तर्क तैयार रखने के दिए निर्देश
  2. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 6 अप्रैल से हो रही नियमित सुनवाई
  3. सलमान खुर्शीद मंगलवार को, शोभा मेनन 27-28 अप्रैल को रखेंगी पक्ष

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। धार भोजशाला मामले में गुरुवार को याचिकाकर्ता अंतरसिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एके चितले को तर्क रखना था, लेकिन उन्होंने इसके लिए समय ले लिया। कोर्ट अब इस मामले में शुक्रवार को सुनवाई करेगी। गुरुवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने याचिकाओं में इंटरविनर बने सभी पक्षकारों से कहा कि वे अपने तर्क तैयार रखें।

अगर शुक्रवार को वरिष्ठ अधिवक्ता के तर्क पूरे हो जाते हैं तो कोर्ट इंटरविनरों के तर्क सुनेगी। हाई कोर्ट में भोजशाला को लेकर चार याचिकाएं और एक अपील चल रही हैं। इन सभी में एक साथ सुनवाई हो रही है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हाई कोर्ट 6 अप्रैल से इस मामले की नियमित सुनवाई कर रही है।

अब तक दो याचिकाकर्ता हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस और कुलदीप तिवारी की ओर से एडवोकेट विष्णुशंकर जैन और एडवोकेट मनीष गुप्ता तर्क रख चुके हैं। गुरुवार को याचिकाकर्ता अंतरसिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता को तर्क रखना था।

मंगलवार को पक्ष रख सकते हैं खुर्शीद

याचिकाकर्ता मौलाना कमालुद्दीन वेलफेयर सोसायटी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद पैरवी कर रहे हैं। पिछली सुनवाई पर उन्होंने कोर्ट को जानकारी दी थी कि वे सोमवार तक उपलब्ध नहीं हैं। इस पर कोर्ट ने उनसे कहा था कि वे मंगलवार को अपने तर्क रख दें।

इसी तरह अपीलार्थी काजी जकुल्ला की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा मेनन पैरवी कर रही हैं। उन्होंने कोर्ट से 27 और 28 अप्रैल को अपीलार्थी की ओर से तर्क रखने की अनुमति ली है।

सौजन्य से: www.naidunia.com

Related post