July 15, 2026
TRENDING

जबलपुर में देर रात दुर्घटना: कंटगी बायपास के पास लॉजिस्टिक गोदाम में लगी भीषण आग, अनाज, तेल खाक


बताया जाता है कि गोदाम में खाद्य तेल, चावल, दाल, सहित एफएमसीजी सामान था। तेल के कारण आग तेजी से भड़की और आस-पास के तीन गोदामों को भी चपेट में ले लिया। …और पढ़ें

Publish Date: Tue, 05 May 2026 02:27:44 AM (IST)Updated Date: Tue, 05 May 2026 02:41:14 AM (IST)

कंटगी बायपास स्थित लॉजिस्टिक गोदाम में लगी आग।

HighLights

  1. कंटगी बायपास के पास लॉजिस्टिक गोदाम में आग, छाया धुआं के गुबार
  2. गोदाम में भरा अनाज, तेल व किराना सामग्री, 10 दमकल वाहन पहुंचे
  3. शार्ट सर्किट की चिंगारी से फैली आग ने गोदाम को चपेट में ले लिया।

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कंटगी बायपास स्थित एक लॉजिस्टिक गोदाम (वेयर हाउस )में सोमवार की रात लगी भीषण आग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी भीषण थी कि आग की लपटें तीन किमी दूर से भी दिखाई दे रही थीं। धुआं के गुबार से आसमान काला हो गया था।

आग लगने की सूचना पाकर जबलपुर से 10 दमकल वाहन रवाना किए गए परंतु आग इतनी विकराल थी उसे काबू में करने दमकल कर्मियों के भी पसीने छूट गए।

गोदाम में भरा चावल, गेहूं, दाल, खाद्य तेल व किराना सामग्री जलकर पूरी तरह से खाक हो गई। लाजिस्टिक गोदाम सिद्धार्थ मेहता का बताया जा रहा है। आग लगने की सूचना पाकर माढ़ोताल पुलिस भी पहुंच गई थी।

naidunia_image

एक चिंगारी से लगी आग, पूरे गोदाम में फैल गई

रात्रि करीब 10.30 बजे आग लगने की सूचना एशियन पेंट के सुपरवाइजर ने नगर निगम के दमकल विभाग को दी। सूचना पाकर तत्काल 10 दमकल वाहन रवाना किए गए। परंतु जब तक दमकल अमला पहुंचता गोदाम में रखी सामग्री जलकर खाक हो चुकी थी। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। एक चिंगारी से फैली आग ने पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया।

चावल, गेहूं, तेल से भड़की, पार्सल भी जलकर खाक

बताया जाता है कि गोदाम में खाद्य तेल, चावल, दाल, सहित एफएमसीजी सामान था। तेल के कारण आग तेजी से भड़की और आस-पास के तीन गोदामों को भी चपेट में ले लिया। इस दौरान पार्सल के लिए रखा सामान भी जलकर राख हो गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही परंतु गोदाम के भीतर लगी आग काे काबू करने में करीब चार से पांच घंटे लग गए।

पानगर तहसील में पड़वार कला स्थित हमारे गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। नगर निगम जबलपुर सहित रक्षा संस्थानों के अग्निशमन दल आग बुझाने में जुटे रहे। गोदाम में खाद्य तेल, चावल, दाल, सहित एफएमसीजी सामान था। अभी नुकसान का आंकलन नहीं हो सका है.

साकेत सिंह , मैनेजर, यूनिटी लॉजिस्टिक पार्क



सौजन्य से: www.naidunia.com

Related post