सतना में फलों को केमिकल से पकाने की जांच: खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारा, संदिग्ध पाउच जब्त, नमूने लैब भेजे – Satna News
सतना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को फलों को कृत्रिम रसायनों से पकाने के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। कलेक्टर के निर्देश पर विभाग की टीम ने शहर के कई प्रमुख फल प्रतिष्ठानों और गोदामों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिबंधित राइपनिंग एजेंट और सिंथेटिक रंगों के उपयोग की आशंका पर संदिग्ध केमिकल पाउच और फलों के नमूने जब्त किए गए। डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों शीतल सिंह और अशोक कुर्मी की टीम ने कई प्रतिष्ठानों की जांच की। मैसर्स हरीश फ्रूट से एथिलीन राइपनर पाउच बरामद किए गए और आम के दो नमूने लिए गए। मैसर्स अशोक कुमार पुष्पेन्द्र कुमार प्रतिष्ठान से दो तरबूज के नमूने संग्रहित किए गए। इसके अतिरिक्त, मैसर्स संतोष कुमार एंड कंपनी से पपीते के दो नमूने जांच के लिए जब्त किए गए। फूड सेफ्टी ऑफिसर सीमा पटेल ने सिविल लाइन चौक स्थित फलों की दुकानों में भी जांच की और विभिन्न किस्म के फलों के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए सभी फलों के नमूनों और संदिग्ध केमिकल पाउच/एथिलीन राइपनर को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में प्रतिबंधित रसायनों या हानिकारक पदार्थों के उपयोग की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग प्रतिबंधित केमिकल और कृत्रिम रसायनों के उपयोग पर सख्त निगरानी रख रहा है।
सौजन्य से: www.bhaskar.com