टीकमगढ़ में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम: रैली निकालकर नशे के दुष्परिणाम बताए, युवाओं को नशा न करने का संकल्प दिलाया – Tikamgarh News
टीकमगढ़ में रविवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई और उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग सौरभ तिवारी के मार्गदर्शन में एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में युवाओं और पुलिस जवानों ने हाथों में तख्तियां लेकर लोगों से नशा न करने की अपील की। ग्रामीण स्वावलंबन समिति के सहयोग से तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों के माध्यम से आमजन को तंबाकू और अन्य नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। लोगों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई। बच्चों एवं युवाओं में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से पेंटिंग, गायन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया। पुलिस ग्राउंड में बच्चों ने एक और जागरूकता रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से “तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो” एवं “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ नागरिकों को तंबाकू सेवन से दूर रहने का संदेश दिया गया। युवाओं को नशा न करने का संकल्प भी दिलाया गया।
सौजन्य से: www.bhaskar.com