July 15, 2026

विदिशा पुलिस ने अड़ीबाज बदमाश का निकाला जुलूस: मंडी में व्यापारियों से मारपीट और वसूली का था आरोप – Vidisha News

विदिशा में कृषि उपज मंडी के व्यापारियों से अड़ीबाजी, मारपीट और धमकाने के आरोपी राहुल अहिरवार (36) का कोतवाली पुलिस ने जुलूस निकाला। आरोपी को मंडी क्षेत्र, बरईपुरा चौराहा और आसपास के इलाकों में घुमाया गया, जहां उसने लोगों के सामने अपराध से तौबा करने की बात कही। कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि आरोपी राहुल अहिरवार ने कुछ समय पहले कृषि उपज मंडी क्षेत्र में शराब के नशे में व्यापारियों से पैसों की मांग की थी। विरोध करने पर उसने व्यापारियों के साथ मारपीट की और उन्हें धमकाया भी था। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया था, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर जिलेभर में फरार और आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने लगातार दबिश, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार चल रहे आरोपी राहुल अहिरवार को बरईपुरा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को उन स्थानों पर लेकर पहुंची, जहां उसने लोगों को भयभीत कर अवैध वसूली और गुंडागर्दी की थी। पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकालकर आमजन को यह संदेश दिया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी आनंद राज ने चेतावनी दी कि शहर में गुंडागर्दी, अड़ीबाजी, मारपीट और आम नागरिकों को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपराध कर लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ सार्वजनिक रूप से भी पुलिस कार्रवाई करेगी, ताकि अपराधियों के हौसले पस्त हों और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।



सौजन्य से: www.bhaskar.com

Related post