IND vs ENG 3rd Test : जायसवाल ने खेली ‘यशस्वी’ पारी, इंग्लिश टीम के खिलाफ जड़ा एक और दोहरा शतक
IND vs ENG 3rd Test : जायसवाल ने खेली ‘यशस्वी’ पारी, इंग्लिश टीम के खिलाफ जड़ा एक और दोहरा शतक
IND vs ENG 3rd Test : भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। राजकोट के मैदान पर तीसरे टेस्ट के चौथे दिन का खेल जारी है। इसी बीच भारत के यंग टैलेंट यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट प्रेमियों को मुस्कुराने का एक और मौका दे दिया है। जायसवाल ने अंग्रेजों के खिलाफ इस मैच में भी एक दोहरा शतक जड़ दिया है। जायसवाल ने 231 गेंदों का सामना करने के बाद 200 रन के निजि स्कोर पर पहुंचे। वहीं दूसरे छोर से सरफराज खान ने बखूबी साथ निभाते हुए अपना लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया है। दोनों ही खिलाड़ी फिलहाल नाबाद खेल रहे हैं। बता दें कि पिछले मैच (भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टेस्ट, 2024) में भी जायसवाल ने दोहरा शतक जड़ा था।
सीरीज के तीसरे मैच की शुरुआत भारतीय बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ तरीके से की थी। पहली इनिंग में 445 का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद भारतीय टीम ने मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लिश खिलाड़ियों को 319 के स्कोर पर ढ़ेर कर दिया।
सिराज ने लगाया विकेटों का ‘चौका’
इंग्लिश पारी को 319 के स्कोर पर रोकने का श्रेय मोहम्मद सिराज को जाता है। सिराज ने अपनी 21.1 ओवर की स्पेल में 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। जबकि जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन आश्विन के खाते में 1-1 विकेट आया।
भारतीय टीम की पहली पारी में बल्लेबाजी
बता दें कि भारत ने तीसरे टेस्ट के पहले दिन टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, 33 के स्कोर पर 3 विकेट गिरने के बाद मोर्चा भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma)ने संभाला। रोहित शर्मा (131) और रवींद्र जडेजा (112) के बल्ले से शतक आए वहीं सरफराज खान (62) ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। दूसरे दिन भी भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा रहा। डेब्यू मैच खेल रहे ध्रुव जुरेल (46) अर्धशतक से चूक गए। वहीं आश्विन (37) और जसप्रीत बुमराह (26) ने भी भारतीय टीम को 400 के स्कोर के पार ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की प्लेइंग 11
यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, सरफराज खान, रजत पाटीदार, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह(उप-कप्तान), मोहम्मद सिराज
अंतिम तीन टेस्ट मैचों के लिए भारतीय स्क्वाड
यशस्वी जयसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मुकेश कुमार, मोहम्मद सिराज, रवींद्र जडेजा, सरफराज खान, वाशिंगटन सुंदर , ध्रुव जुरेल, आकाश दीप